यमुनानगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम के वार्ड नंबर-16 के चांदपुर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में चित्रकला गतिविधि करवाई गई। विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता थीम पर देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश देती सुंदर चित्रकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम महापौर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर करवाया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम विशेषज्ञ आकाश कुमार ने विद्यार्थियों को चार-बिन कचरा पृथक्करण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालना चाहिए।
कचरे का स्रोत स्तर पर ही सही ढंग से पृथक्करण करने से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित होता है। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना के साथ स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।