यमुनानगर। शहर की जैन विहार कॉलोनी में 11वीं कक्षा का छात्र फंदे पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि छात्र हरसुख (19) काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस को दिए बयान में जैन विहार कॉलोनी निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि बुधवार रात उसका चचेरा भाई हरसुख अपने कमरे में सोया था। वीरवार सुबह उसकी चाची का फोन आया कि हरसुख ने फंदा लगाया हुआ है। घटना की सूचना पर वह तुरंत घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंखे से नीचे उतारा। उन्होंने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। रामपुरा चौकी के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। परिजन उसे मानसिक रूप से परेशान होने की बात कह रहे है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।