यमुनानगर। शहर में कूड़ा उठान को लेकर मंगलवार को एक बार फिर हड़ताली सफाई कर्मचारियों और एजेंसी के कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। खालसा कॉलेज रोड पर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। विवाद के बाद एजेंसी के कर्मचारियों से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदा कूड़ा सड़क किनारे ही डलवा दिया।
हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पहले ही चरमराई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और अब कूड़ा उठाने को लेकर हड़ताली कर्मचारियों और एजेंसी के कर्मचारियों के बीच विवाद निगम के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर कर्मचारी लगातार 27वें दिन नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और हड़ताल जारी रखी। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की।
विज्ञापन
नगरपालिका राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा और अग्निशमन राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सोमवार को हरियाणा निवास में सरकार और पालिका एवं फायर कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच चल रही वार्ता के दौरान भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार वाल्मीकि ने सफाई कर्मचारी यूनियन नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और डराने का प्रयास किया।
इसके विरोध में कर्मचारी नेताओं ने वहीं नारेबाजी कर रोष जताया। नगरपालिका जिला प्रधान प्रवेश परोचा, रिटायर्ड कर्मचारी संघ जिला सचिव सोमनाथ, कोषाध्यक्ष मुख्तियार सिंह, ब्लॉक प्रधान अशोक वर्मा और सचिव जरनैल चिनालिया ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।