संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। वार्ड नंबर छह के वीर नगर व बसंत नगर में 52 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे कृषि मंत्री कंवरपाल ने कहा कि देश व प्रदेश के विकास में सड़कों का अहम योगदान होता है। इसलिए प्रदेश सरकार ने नई सड़कों का निर्माण व पुरानी सड़कों का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता से करवा रही है।
मंत्री ने बताया कि नगर निगम वार्ड नंबर छह के बसंत नगर में 28 लाख से तेजली गांव सड़क से सुखबीर के घर तक वाया नवप्रभात स्कूल तक सड़क सुदृढ़ीकरण करवाया जा रहा है। वहीं वीर नगर में गुप्ता पेट्रोल पंप से पब्लिक हेल्थ के ट्यूबवेल तक 24 लाख से गली निर्माण व भूमिगत पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।
मंत्री ने विकास कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय पर कार्य पूरा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को परेशानी न हो। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, महामंत्री प्रियांक शर्मा, अंकित गोयल, पूर्व पार्षद लक्ष्मण सिंह, रिंकू धीमान, राम शर्मा, रमेश चौहान, राजन, सतीश चौपाल, ललित पाल, कपिल मित्तल आदि मौजूद रहे।