यमुनानगर। प्रशासन ने पहले से सील किए गए एक स्टोन क्रशर को दोबारा अवैध रूप से संचालित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। क्रशर चलाने का खुलासा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच के दौरान हुआ।
प्रदूषण विभाग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि माजरी टापू क्षेत्र में स्थित एमएस सतगुरु देव स्टोन क्रशर को 24 सितंबर 2025 को प्रदूषण मानकों के उल्लंघन के चलते बंद कर सील किया गया था। हाल ही में बोर्ड के फील्ड अधिकारी की ओर से किए गए निरीक्षण में पाया गया कि क्रशर पर लगी आधिकारिक सील को जानबूझ कर तोड़ दिया गया था और यूनिट को फिर से चलाने का प्रयास किया जा रहा था। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्रशर को दोबारा सील कर दिया। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार ने इस संबंध में थाना बूड़िया में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह ने बताया कि सील तोड़ने और अवैध संचालन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद