ठाकुर सिंह बीसा सिंह रेसलिंग क्लब की ओर से करवाई जा रही तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। अर्जुन अवॉर्डी एसपी अनूप दहिया एवं भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष राजकुमार पूनिया एवं प्रतियोगिता में शामिल कुश्ती संघ पदाधिकारियों को ठाकर सिंह, बीसा सिंह रेसलिंग क्लब के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। इस दौरान क्लब पदाधिकारी कुलविंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, रणबीर सिंह विर्क, पूर्व डिप्टी मेयर रामपाल, सुरेंद्र नंदा, सुनील चावला, चंद्र चावला द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी सोनीपत के खिलाड़ियों का नाम विजेता लिस्ट में सबसे उपर रहा। सोनीपत की टीम ही ओवरऑल चैंपियन घोषित की गई। ग्रीको रोमन प्रतिस्पर्धा में सोनीपत की टीम ने 165 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, इसी के साथ ही 115 अंक लेकर रोहतक दूसरे और 55 अंकों के साथ हिसार तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों की फ्री स्टाइल प्रतिस्पर्धा में भी सोनीपत की टीम अव्वल रही। सोनीपत ने 130 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि रोहतक और हिसार की टीम ने बराबर 115 अंक लिए और टॉस द्वारा रोहतक की टीम को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। जबकि हिसार की टीम को तीसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा। पुरुषों की फ्री स्टाइल प्रतिस्पर्धा में भी सोनीपत की टीम 120 अंक लेकर पहले स्थान पर ही दूसरे स्थान पर 115 अंकों के साथ झज्जर एवं 85 अंक लेकर हिसार कि टीम तीसरे स्थान पर रही। ओवरऑल चैंपियनशिप में सोनीपत टीम 415 अंकों के साथ प्रथम 315 अंको के साथ हिसार की टीम दूसरे और 275 अंक लेकर रोहतक की टीम तीसरे स्थान पर रही। रेसलिंग एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि यहां से पहले एवं दूसरे स्थान पर आए 60 खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के लिए क्वालीफाई हुए हैं, जोकि 30 जनवरी से 2 फरवरी तक राष्ट्रीय चैंपियनशिप बिहार के पटना शहर में होने जा रही है। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह एवं ठाकर सिंह बीसा सिंह रेसलिंग क्लब पदाधिकारी कुलविंदर सिंह एवं भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विजेता कुश्ती में देश एवं प्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन करेंगे। रेसलिंग क्लब द्वारा जरूरतमंद खिलाड़ियों को हर यथासंभव सहायता करने का आश्वासन भी दिया गया।