यमुनानगर। प्यारा चौक के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर दो लोगों ने रूप नगर निवासी सतीश को बातों में उलझाकर शराब पिलाई। नशा होने पर आरोपी उसके पास से 50 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल, बैंक पासबुक व बाइक चुरा ले गए। होश आने पर सतीश ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रूप नगर बाड़ी माजरा निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिन पहले उसके बेटा सुमित कुमार सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसका उपचार सेक्टर 17 के निजी अस्पताल में चल रहा है। मंगलवार को उसके दामाद खदरी निवासी संदीप कुमार ने उसे 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद वह अपने रिश्तेदार सहारनपुर के गांव अवैटावीर निवासी विकेश उर्फ सोनू की बाइक लेकर अपने काम से एलआईसी दफ्तर यमुनानगर आ गया था। इसके बाद वह प्यारा चौक स्थित बड़ौदा बैंक में आया। बैंक में काम करके जब वह बाहर आया तो उसे दो व्यक्ति मिले। जिन्हों ने उससे कहा कि उनके पास दो लाख रुपये है। यह रुपये उन्होंने बैंक में जमा कराने है। लेकिन उनका बैंक में खाता नहीं है। आरोपियों ने उसे अपने विश्वास में लेकर बातों में उलझा लिया। आरोपी उसके साथ बाइक पर बैठकर निरंकारी सत्संग भवन के पास पहुंचे। जहां आरोपियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। इसके बाद आरोपी उसे नेहरू पार्क के पास ले गए। जहां उन तीनों ने शराब पी। इसके बाद उसे नशा हो गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी उसकी जेब से मोबाइल, 50 हजार रुपये की नकदी, बेटी सोनम की बैंक पासबुक व उसकी मांगी हुई बाइक चोरी करके ले गए। जब उसे होश आया तो वह नेहरू पार्क के पास था। उसने सूचना पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात दो लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई शमशेर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।