संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस ने सेक्टर-17 में द रायल सैलून एंड स्पा में दबिश देकर युवक व युवती को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा है। युवती ने स्पा संचालक पर जबरन ग्राहकों के साथ गलत काम कराने का आरोप लगाया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर सैलून संचालक छछरौली निवासी अजय व ग्राहक दिलबाग सिंह उर्फ बागी पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
युवती ने शिकायत में बताया कि वह लगभग एक माह पहले काम करने के लिए जगाधरी आई। एक अन्य युवती के माध्यम से उसका संपर्क अजय से हुआ अजय द रायल सैलून एंड स्पा का संचालक है। आरोपी ने उसे 30 हजार रुपये महीना की नौकरी पर रख लिया। आरोपी ने उसे 10 हजार रुपये दिए व बाकी महीना पूरा होने के बाद देने की बात कही।
आरोप है कि अजय स्पा सेंटर में गलत काम कराता है। उसे धमकी दी कि इस बारे में किसी को बताया तो वह काम से निकाल देगा। वह उससे स्पा में आने वाले ग्राहकों के साथ गलत काम कराने लगा। दो दिन पहले स्पा में दिलबाग सिंह नाम का युवक आया। अजय ने जबरदस्ती उसके साथ मसाज रूम में भेज दिया। वहां दिलबाग ने उसके साथ गलत काम किया। इसी दौरान पुलिस ने दबिश दी और दिलबाग व युवती को पकड़ लिया।
उल्लेखनीय है कि कई सैलून व स्पा सेंटरों में अनैतिक कार्यों का धंधा जोरों पर चल रहा है। मसाज के नाम खुली इन दुकानों में छोटे-छोटे केबिन बनाए गए हैं। इनमें युवक युवतियों के साथ गलत काम करते हैं। तीन दिन पहले पुलिस ने छोटी लाइन के एक होटल में दबिश देकर कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था।