संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रक्षा बंधन पर्व पर सिटी बस में भी बहनों को मुफ्त सफर की सुविधा देने की मांग उठने लगी है। हालांकि यह सुविधा हर वर्ष हरियाणा रोडवेज बसों में मिलती है। बहनों का कहना है कि काफी महिलाएं व युवतियां को शहर में रह रहे भाइयों को राखी बांधने जाती है, जिनकी सुविधा को सिटी बस में मुफ्त सफर की सुविधा होनी चाहिए।
हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो पर जनवरी में आई पांच इलेक्ट्रिक एसी बसों को 29 जनवरी से सिटी बस सेवा के रूप में चलाया जा रहा है। इन बसों के शुरुआत में मुख्य दो रूट थे। एक जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड व दूसरा जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया महाराजा अग्रसेन चौक जगाधरी रहा।
इनमें जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया महाराजा अग्रसेन चौक जगाधरी रूट को खत्म कर दो इलेक्ट्रिक एसी बसें छह मार्च से जगाधरी-छछरौली रूट पर लगाई गईं, जिसे बाद में यमुनानगर-छछरौली वाया जगाधरी रूट कर दिया गया है। इसके अलावा दूसरे जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड रूट पर पहले तीन इलेक्ट्रिक एसी बसें चलीं।
बाद मे एक बस निकाल कर उसे 21 अप्रैल से जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से बूड़िया वाया शहीद भगत सिंह चौक रूट पर चलाया गया। लेकिन हफ्तेभर में ही जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से बूड़िया वाया शहीद भगत सिंह रूट बंद कर दिया गया। इस रूट से हटाई बस को दोबारा जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड रूट पर लगा दिया गया।
रश्मी, संध्या, रजनी, ममता ने कहा कि सिटी बस में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को मुफ्त सफर की सुविधा मिलती है तो उनका ऑटो व रिक्शा पर लगने वाला खर्च बचेगा। बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां शहर में रह रहे अपने भाइयों को राखी बांधने जाती हैं। साथ ही दूसरे शहर में रह रहे भाइयों के पास जाने के लिए भी बस स्टैंड तक पहुंचने को ऑटो-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता है। सिटी बस में मुफ्त सफर की सुविधा मिले तो बहनों को काफी राहत मिलेगी।
सिटी बस में रक्षाबंधन पर महिलाओं व युवतियों के लिए मुफ्त यात्रा बारे अभी तक कोई दिशा निर्देश नहीं है। इस बारे में कोई निर्देश आएंगे तो उसी मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।- संजय रावल, प्रबंधक, सिटी बस सेवा।