संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रताप नगर क्षेत्र के कलेसर ब्लॉक के जंगलों में तस्करों ने खैर के पेड़ काटकर हजारों रुपये की लकड़ी चोरी कर ली। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन दरोगा संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल की शाम करीब चार बजे उन्हें सूचना मिली कि प्रताप नगर जंगल में अवैध रूप से खैर के पेड़ काटे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां तीन खैर के पेड़ कटे हुए पाए गए। मौके की जांच और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान गांव खिल्लेवाला निवासी मुंशी और आरिफ के रूप में हुई। वन विभाग ने इस अवैध कटाई को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में गश्त बढ़ाई जाएगी और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।