एंटी नारकोटिक्स सेल व सदर थाना पुलिस की टीम ने मंगलवार को शादीपुर में मदरसे के पास दबिश देकर एक घर से 311.07 ग्राम स्मैक बरामद की है। दबिश से पहले आरोपी दंपती फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शादीपुर में दंपती स्मैक बेचने का काम करता है। इस सूचना पर उन्होंने सदर थाना पुलिस की टीम के साथ मिलकर आरोपी दंपती के घर पर दबिश दी। टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी क्यूम व उसकी पत्नी मैना घर से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर छिपा कर रखी स्मैक बरामद की गई।
जांच करने पर स्मैक का वजन 311.07 ग्राम निकला। आरोपी दंपती क्यूम और मैना के खिलाफ सदर थाना में केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि दंपती को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों दबिश कर रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। यह बड़ी कामयाबी है। तीन दिन पहले ही उनकी टीम ने 350 ग्राम स्मैक पकड़ी थी। एंटी नारकोटिक्स सेल युवाओं व अन्य लोगों को बचाने के लिए नशे पर लगातार प्रहार कर रही है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।