यमुनानगर। राठी स्केटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल में आयोजित स्केटिंग चैंपियनशिप में पांच पदक जीतकर देश व जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने कोच ओमवीर के नेतृत्व में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तिरंगा लहराया और जिले को गौरवान्वित किया।
नेपाल से यमुनानगर लौटने पर खिलाड़ियों का मेयर सुमन बहमनी, मार्केट कमेटी चेयरमैन राकेश त्यागी और अन्य लोगों ने स्वागत किया। खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई गई। इस सफलता से खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में उत्साह का माहौल है।
मेयर बहमनी ने खिलाड़ियों की मेहनत और कोच ओमवीर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यमुनानगर के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और जिले का गौरव बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष जगदीश बब्बर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी ओबीसी मोर्चा सदस्य गुलशन कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।