यमुनानगर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की विभिन्न दुकानों से मिठाइयों के छह सैंपल लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गुलाब सिंह के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने फार्मर डेयरी से चना दाल बर्फी का एक सैंपल लिया। सोनू स्वीट्स से खोया बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं, कृष्णा स्वीट्स से मुर्गी छेना और मट्ठी के दो सैंपल भरे गए। इसके अलावा न्यू राम भरोसे स्वीट्स से चमचम का एक सैंपल लिया गया।
विज्ञापन
सागर स्वीट्स रसगुल्ला फैक्टरी से रसगुल्ला का नमूना लिया गया। टीम के सदस्य मोहित और संजीव भी शामिल रहे। डॉ. गुलाब सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाई जा रही है।
सैंपलिंग अभियान के तहत दुकानों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों से नमूने एकत्रित किए। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पता चलेगा।