संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने से कोविड-19 का रिकवरी रेट 98.14 प्रतिशत हो गया है। जिले में शनिवार को छह नए मरीज मिले हैं और16 मरीज स्वस्थ हुए है। जिले में 54 एक्टिव केस है। इनमें से 29 संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि जिले की कुल आबादी का 28.53 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो चुका है। जिले में अब तक 24,560 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 24,105 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को छह कोरोना के नए मरीज मिले हैं, जिनमें 20 वर्षीय पुरुष जोगिंद्र नगर, 30 वर्षीय पुरुष बहरामपुर, 26 वर्षीय महिला गंदापुरा, 21 वर्षीय पुरुष परमानंद गली, 35 वर्षीय महिला गुमथला व 57 वर्षीय पुरुष फतेहपुर का रहने वाला है।
सिविल सर्जन ने बताया शनिवार को कोविड-19 टेस्टिंग टीमों की ओर से 498 सैंपल लिए गए हैं। अभी तक कुल 3,43,002 संदिग्धों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 3,15,034 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 855 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।