संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। हथिनीकुंड बैराज से खनन सामग्री लेकर बल्लेवाला खनन जोन में जा रहे छह डंपरों पुलिस ने जब्त कर लिए। आरटीओ ने खनन सामग्री से भरे सभी वाहनों पर पांच लाख का जुर्माना किया गया है।
हथिनीकुंड बैराज पर डाया फ्रॉम वॉल का निर्माण चल रहा है, जिससे काफी मात्रा में खनन सामग्री निकली है। इसे सरकार के पास राजस्व जमा कराकर खरीदा गया है। वहीं, खनन सामग्री को क्रशिंग के लिए बल्लेवाला जोन में सिंचाई विभाग के रास्तों से ताजेवाला से भेजा जा रहा है। खनन सामग्री से भारी वाहनों के निकलने को लेकर विरोध किया जा रहा था। ऐसे में पुलिस हरकत में आई और छह डंपर जब्त कर लिए हैं।
हालांकि रॉयल्टी से संबंधित सभी वाहनों के कागजात सही मिले हैं। परंतु इन पर आरटीओ विभाग ने ओवरलोड के मामले में लगभग 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। हथिनीकुंड बैराज पर चल रहे डायाफ्रॉम वॉल निर्माण कार्य से निकलने वाली सामग्री सिंचाई विभाग से संबंधित है और यह सामग्री क्रशिंग प्लांट पर ले जाने के लिए सिंचाई विभाग के रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
सिंचाई विभाग की ओर से कई साल पहले भारी वाहनों के लिए पुल से आवागमन बंद कर दिया गया था। सिंचाई विभाग के एक्सईएन विजय गर्ग ने बताया कि सूचना मिली थी खनन सामग्री से भरे वाहन सिंचाई विभाग के रास्तों से गुजर रहे है। उन्होंने जांच के आदेश दे दिए है। जांच अधिकारी नवतेज ने बताया कि छह डंपर पकड़े गए थे, जिन पर आरटीओ ने पांच लाख का जुर्माना किया है।