संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने के आरोप लगने के बाद कांग्रेस ने साढौरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रेनू बाला को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
निलंबन के बाद जगाधरी के ओमेक्स सिटी स्थित उनके आवास पर सन्नाटा पसरा रहा और किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि नजर नहीं आई। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा की समर्थक मानी जाने वाली विधायक रेनू बाला का नाम क्रॉस वोटिंग में सामने आया था, जिसके बाद पार्टी ने यह कदम उठाया। हालांकि विधायक के पीए रवि बैनीवाल ने बताया कि उन्हें अब तक निलंबन से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना ईमेल या अन्य माध्यम से प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि विधायक अपने भांजे की रिंग सेरेमनी में गई हुई हैं और उनका व उनके पति इंजीनियर ऋषिपाल का मोबाइल भी बंद आ रहा है।
अक्तूबर 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में साढौरा सीट जिले की हॉट सीट थी। रेनू बाला साढौरा विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं।
वह जिले की पहली महिला हैं, जिन्होंने दो बार लगातार विधानसभा चुनाव जीता है। इससे पहले वह जिला परिषद की चेयरमैन भी रह चुकी हैं। उनका राजनीतिक सफर जिला परिषद सदस्य के रूप में शुरू हुआ था, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें जिला परिषद का चेयरमैन बनाया गया। करीब तीन वर्ष तक उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था।