यमुनानगर/रादौर। गांव नागल में सोमवार को दो समुदायों में हुए खूनी संघर्ष और घरों में हुई तोड़फोड़ के बाद दूसरे दिन भी खौफ की खामोशी रही। गांव में भारी तनाव के कारण कर्फ्यू सा माहौल है। चप्पे चप्पे पर पुलिस खड़ी है और लोग घरों में दुबके हुए हैं। हालांकि पुलिस स्थिति नियंत्रण में होने की बात कह रही है, लेकिन सोमवार का मंजर लोगों की आंखों के सामने है। वहीं अस्पताल में उपचाराधीन महिलाएं इसके बारे बात करते हुए भी सहम जाती हैं।
गांव के सभी लोगों में इसे लेकर अफसोस, दर्द और क्रोध भी है। गांव में शांति बनाने के लिए पीस कमेटी का गठन किया गया है। थाना प्रभारी सहित तमाम आला अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर 33 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरी तरफ सुबह से शाम तक पुलिस व पीस कमेटी की बैठकों का दौर जारी रहा। वहीं एसपी ने भी नए थाना प्रभारी व डीएसपी की बैठक ली।
पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष के कमाल खान की शिकायत पर 33 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिसमें पुलिस ने मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। इस मामले में पुलिस ने शिवलाल, विमल, दीपक, प्रताप उर्फ कुक्कू व अमन को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपी अभी फरार बताए जाते हैं। आरोपियों को पुलिस बुधवार कोर्ट में पेश करेगी।
इन लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने गांव के अशोक कुमार, भूपसिंह, नीरज, सोनू, सतपाल, रोहताश, नरेंद्र, देवी शरण, गोल्लू, प्रताप उर्फ कुक्कू, वीरेंद्र, रिंकू, राजेश, शक्ति, दशरथ, अमन, आशुतोष, शिवा, विमल, लक्की, दीपक, नवीन, सोनू, भीम, मांगा, शिवलाल, जसविंद्र सिंह, अभिषेक, आकाश, गोपाल, विकास, आशीष, अमन को नामजद किया गया है। पीड़ित ने हमले में करीब 250 लोगों के शामिल होने की बात कही है।
पीस कमेटी से जारी बैठकें
पिछले साल दिवाली पर हुए दोनों समुदायों में खूनी संघर्ष के बाद पीस कमेटी गठित की गई थी। परंतु पीस कमेटी अपना काम सही से नहीं कर पाई। कुछ दिन की शांति के बाद एक बार फिर गांव में विवाद उत्पन्न हो गया है। जिसके बाद अब फिर वही पीस कमेटी बना दी गई है। पीस कमेटी से पुलिस अधिकारियों की लगातार बैठकें हो रही है। जबकि गांव में तनाव का माहौल है।
जठलाना प्रभारी व हेड कांस्टेबल सस्पेंड
नागल विवाद में एसपी ने जठलाना थाना प्रभारी पूर्ण सिंह को सस्पेंड कर दिया है। प्रभारी के साथ हेड कांस्टेबल संदीप को भी सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने तीन अन्य थाना प्रभारियों सहित चौकी इंचार्ज भी बदल दिए हैं। पूर्ण सिंह की जगह थाना सदर यमुनानगर प्रभारी बलराज को लगाया गया है। जबकि थाना सदर में बलराज की जगह थाना गांधीनगर प्रभारी सुभाष को भेजा गया है। वहीं रामपुरा चौकी इंचार्ज को गांधीनगर एसएचओ लगाया गया है। जबकि रामपुरा में एएसआई जगदीप को लगाया गया है।
नए प्रभारी ने संभाला जठलाना का कार्यभार
इंस्पेक्टर बलराज सिंह को दूसरी बार थाना जठलाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बलराज सिंह ने बताया कि उनकी गांव नागल में शांति स्थापित कर विवाद समाप्त करवाना है। वहीं क्षेत्र में लोगों को सुरक्षा प्रदान कर अपराध कम करना है।