संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी (यमुनानगर)। जगाधरी के गोमती मोहल्ला के नजदीक बन रहे पार्क में शराब पी रहे लोगों को रोकने पर कुछ युवकों ने सिख युवक से मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों पर युवक की दाढ़ी पकड़ी। सिख युवक का आरोप है कि ऐसा कर आरोपियों ने उनके धर्म का अपमान किया है। इस पर सिख समाज व संगठन एकजुट होकर शहर थाने पहुंचे।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा से मुलाकात की। जिसके बाद शहर थाना पुलिस ने आरोपी युवकों पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। सोमवार सुबह सिख संगठन के सदस्य शहर जगाधरी थाने में पहुंचे। गोमती मोहल्ला निवासी जसबीर सिंह ने बताया कि उनकी कॉलोनी में पार्क का निर्माण हो रहा था।
वह पार्क में गया तो वहां पर कुछ लोग शराब पी रहे थे। जब उसने आरोपियों को पार्क में शराब पीने से मना किया तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौच की व मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसकी दाढ़ी पकड़कर पीटा। इससे उसकी भावनाएं आहत हुई हैं। आरोप जोड़ीपुरा मोहल्ला निवासी नुक्का, श्यामा व अन्य पर लगा है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।