संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गुरु नानक गर्ल्स (जीएनजी) कॉलेज और संत निश्चल सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई। सबसे अधिक पदक जीतने पर श्वेता को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया।
वहीं वर्ष 2025-26 की बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन प्रिया को चुना गया, जिन्होंने स्टेट लेवल वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक हासिल किया था। प्रतियोगिता में 800 और 400 मीटर दौड़ में बीए द्वितीय वर्ष की श्वेता प्रथम रही। शटल रेस में तनू (बीए बीएड तृतीय वर्ष), बैक रेस में सिमरन (बीएससी बीएड द्वितीय वर्ष), लेमन रेस में तन्नू (बीए तृतीय वर्ष) ने बाजी मारी।
लॉन्ग जंप में प्रिया (बीए प्रथम वर्ष), शॉट पुट में खुशी (बीए तृतीय वर्ष), जैवलिन थ्रो में सुष्मिता (बीए तृतीय वर्ष) और डिस्कस थ्रो में इशिका (बीए तृतीय वर्ष) प्रथम रहीं। रिले रेस में खुशी सैनी, अल्का और स्नेहा की टीम विजेता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज निर्देशिका डॉ. वरिंद्र गांधी ने ध्वजारोहण कर किया।
मार्च पास्ट, शपथ ग्रहण और मशाल प्रज्ज्वलन के साथ एथलेटिक्स मीट की शुरुआत हुई। छात्राओं ने एरोबिक्स, योग और सेल्फ डिफेंस की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीषा अग्रवाल रहीं। समापन अवसर पर जनरल सेक्रेटरी मनोरंजन सिंह साहनी, प्रिंसिपल डॉ. सुखविंदर कौर और डॉ. इंदु शर्मा ने विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।