संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। नगर पालिका अधिकारियों की ओर से मंगलवार को अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाई बेनतीजा साबित हुई। नपा कर्मचारियों के जाते ही दुकानदारों ने फिर से अपनी दुकानें सजाने के अलावा रेहड़ी-फड़ियों के माध्यम से जगह-जगह पर अतिक्रमण कर लिया।
नपा के सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर को अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इससे पूर्व मुनादी द्वारा दुकानदारों व रेहड़ी-फडिय़ों वालों को अतिक्रमण न करने बारे चेताया गया था। अतिक्रमण हटाने की सूचना मिलते ही दुकानदार व रेहड़ी-फड़ियों वाले सतर्क होकर अपने सामान को उठाकर भीतर करने लग गए। इस दौरान नपा कर्मचारियों ने अतिक्रमणकारियों का कुछ सामान भी जब्त किया।
प्रशासन के जाते ही फिर अतिक्रमणकारी अपनी दुकानें सजा कर बैठ गए। कस्बावासी कुलवंत, सतपाल, गुलशन व हरीश ने बताया कि अगर प्रशासन द्वारा निरंतर कार्रवाई की जाए तो इस अतिक्रमण से निजात मिल सकती है। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे रेहड़ी-फड़ियों को खड़ा करके अवैध वसूली का धंधा बना रखा है। जिसके कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
अगर प्रशासन द्वारा उन दुकानदारों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए तो काफी हद तक अतिक्रमण से निजात मिलने की उम्मीद बन सकती है। बस अड्डे के आसपास व मुख्य बाजार भी अवैध कब्जों से अछूता नहीं है। बाजार की तरह बस अड्डा के आसपास के दुकानदार भी अपनी दुकानों के आगे अवैध कब्जे करने में पीछे नहीं है।
यहां तो हद की बात यह है कि अपनी दुकान के आगे खाली पड़ी जगह पर अपनी दुकान का सामान सजाने के बाद बचने वाली सरकारी जमीन को इन दुकानदारों ने रेहड़ी-फड़ी वालों को किराए पर दे रखा है। अगर प्रशासन इन रेहड़ी-फड़ियों वालों के बजाय इनसे वसूली करने वाले दुकानदारों को विरूद्ध कार्रवाई करे तो काफी हद तक अतिक्रमण से निजात मिल सकती है। दुकानों के आगे खाली पड़ी सरकारी जमीन के अवैध कब्जे का किराया वसूलते तो दुकानदार हैं, लेकिन इसके बदले आमजन को जाम में फंसकर परेशानियों को भुगतना पड़ रहा है।