रादौर शहर के बस स्टैंड के पास दुकानों पर यूपीआई स्कैनरों की जगह फर्जी स्कैनर चिपकाने की घटना सामने आई है। इससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रादौर। दुकानों के बाहर लगे यूपीआई स्कैनरों पर अपना स्कैनर चिपकाने वाला गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है। ऐसे ही मामला शहर के बस स्टेंड के पास दुकानों के बाहर देखने को मिला। यहां अज्ञात ने दुकानदारों के स्कैनर पर अपने स्कैनर चिपकाकर उनकी अच्छी खासी राशि हड़प ली। इसके तीन पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को शिकायत दी है।
शहर के बस स्टैंड के पास चाय की दुकान चलाने वाले हरीश कुमार, बीकानेर स्वीट हाउस के मालिक सुरेंद्र कुमार, फल विक्रेता दलीप कुमार ने बताया कि उन्होंने ग्राहकों से भुगतान करवाने के लिए अपनी दुकानों के बाहर यूपीआई स्कैनर लगाए हुए हैं। दो दिन पहले रात को किसी ने उनके यूपीआई स्कैनर पर अपने स्कैनर चिपका दिए। जिस कारण बहुत से ग्राहकों की चुकाई राशि अज्ञात लोगों के खाते में चली गई। इससे उन्हें नुकसान हुआ है।