संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस ने एमटीपी किट बेचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए प्रकाश ड्रग स्टोर के संचालक आरोपी राजेश को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गौरतलब है शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित पीएनडीटी टीम ने पंसारी बाजार स्थित दुकान पर छापा मारा था। इस दौरान टीम ने एमटीपी किट सहित दुकान के संचालक राजेश को काबू किया था। यह कार्रवाई पीएनडीटी इंचार्ज डा. पुनीत कालरा की देखरेख में हुई थी।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि प्रकाश ड्रग स्टोर पर अवैध रूप से गर्भपात करवाया जाता है और एमटीपी किट भी बेची जाती है। इस पर विभाग ने पीएनडीटी टीम को तैयार कर पहले शुक्रवार शाम को नकली महिला ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजी गई। महिला द्वारा एमटीपी किट मांगने पर दुकानदार ने पहले उसे यूरिन टेस्ट कर गर्भवती होने की जांच कराने को कहा गया।
यूरिन जांच की रिपोर्ट दिखाने के बाद संचालक ने उसे अगले दिन किट लेने के लिए आने को कहा। इससे पहले टीम ने दुकान के संचालक को पकड़ने के लिए पहले ही 500-500 के दो नोटों हस्ताक्षर कर महिला को सौंप दिए। इसके बाद आरोपी संचालक राजेश ने उसे एमटीपी किट दे दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संचालक को दबोच लिया गया।