यमुनानगर। सेक्टर-17 थाना क्षेत्र की सावनपुरी कॉलोनी से दुकानदार पड़ोसी को दुकान की चाबी देकर लापता हो गया। रात को जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
न्यू जैन नगर निवासी विष्णु दत्त ने अर्जुन नगर चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सरकारी नौकरी करता है। उसके पास दो बेटे है। बड़े बेटे 27 वर्षीय विशाल की कुछ साल पहले शादी हुई थी। शादी से उसके पास दो बच्चे हैं। विशाल की सावनपुरी में छोटी लाइन पर करियाना की दुकान है। आठ जुलाई की सुबह विशाल दुकान पर गया था। करीब सवा नौ बजे वह दुकान बंद कर चाबी पड़ोसी दुकानदार मेडिकल स्टोर संचालक को देकर चला गया था। इसके बाद वह न तो दुकान पर लौटा और न ही वापस घर आया। अपने स्तर पर उन्होंने उसकी सभी रिश्तेदारों, परिचितों, जानकारों व बेटे के दोस्तों के यहां तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। अर्जुन नगर चौकी के जांच अधिकारी एसआई निर्मल सिंह का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया है। युवक की तलाश की जा रही है। संवाद