संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर समता योग आश्रम के पास ट्राला चालक ने अपनी दुकान के बाहर खड़े 60 वर्षीय वृद्ध को कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्राॅला छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बुजुर्ग के बेटे की शिकायत पर आरोपी ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधमगढ़ की माजरी गांव निवासी अश्विनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह समता योग आश्रम के पास चाय की दुकान करता है। उसके पिता ओमप्रकाश भी चाय की दुकान पर ही कार्य करते थे। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पिता दुकान के बाहर खड़े थे। इस दौरान बूड़िया चौक की ओर से तेज गति से आ रहे ट्राला चालक ने दुकान के बाहर खड़े उसके पिता को टक्कर मार दी।
उनका सिर ट्राले के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। इसके बाद आरोपी चालक ट्राला छोड़ कर भाग गया। उन्होंने पिता को ट्राॅले के नीचे से निकाला तो वह दम तोड़ चुके थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने आरोपी ट्रॉला चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।