संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठग ने दुकानदार पृथ्वी नगर निवासी चरणजीत सिंह से तीन लाख 37 हजार रुपये ठग लिए। ठग ने दुकानदार के मोबाइल पर लिंक भेजकर उससे ठगी की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्कपुर के पृथ्वी नगर निवासी चरणजीत सिंह ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मई की शाम को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बताया कि वह एचडीएफसी बैंक से बोल रहा है। आरोपी ने उसे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए कहा। आरोपी को बैंक कर्मी समझ कर वह उसकी बातों में आ गया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने को कहा।
इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल पर पांच लिंक भेजे। तब उसने आरोपी को दुकान पर व्यस्त होने की बात कहीं और बाद में फोन करने को कहा। इसके बाद उसी रात पौने नौ बजे आरोपी का फिर से फोन आया। आरोपी ने उसे मोबाइल पर भेजे लिंक को खोलने को कहा। आरोपी की बातों में आकर उसने लिंक पर क्लिक कर दिया। तब आरोपी ने उससे पूछा कि उसके पास और किन-किन बैंक के क्रेडिट कार्ड है। आरोपी ने उन क्रेडिट कार्ड की भी लिमिट बढ़ाने की बात कही।
उसने आरोपी से पूछा कि दूसरे बैंकों के क्रेडिट कार्ड के बारे में क्यों पूछ रहे हो। इसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया। आरोपी का फोन कटते ही जब उसने क्रेडिट कार्ड चेक किया तो उसके एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से पांच बार में 45810 रुपये और एयू बैंक के क्रेडिट कार्ड से एक लाख 85 हजार रुपये निकल गए। इसके अलावा उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 45915 रुपये, आरबीएल के क्रेडिट कार्ड से 60637 रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विशाल सैनी का कहना है कि अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।