संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खाना खाकर गली में टहल रहे दुकानदार विशाल काॅलोनी निवासी बिलाल अहमद पर कुछ युवकों ने रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। जब वह बचने के लिए एक मकान में घुसा तो उस मकान पर भी ईंटें फेंककर शीशे तोड़ दिए गए। शहर थाना पुलिस ने बिलाल की शिकायत पर चार युवकों को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है।
बिलाल अहमद ने बताया कि उसकी रामपुर गांव में किराना की दुकान है। रविवार की रात को वह दुकान बंद कर घर आ गया था। घर पर खाना खाकर वह बाहर टहलने के लिए निकला। तभी पास वाली गली में शोर सुनाई दिया। जब उधर पहुंचा तो वहां पर आजम के साले की बाइक को रोकने को लेकर हंगामा हो रहा था।
उसने उनका बीच बचाव कर वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि तभी 30-40 युवक हाथों में डंडे व धारदार हथियार लेकर आए और उसको पकड़ लिया। उस पर राॅड व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। किसी तरह से आरोपियों से बचकर वह एक मकान में घुसा तो हमलावरों ने उस मकान के भी ईंट बरसाकर शीशे तोड़ दिए। आरोपियों में से चार की पहचान आदर्श, बिरजू, विकास व मनोज के रूप में हुई। अन्य को वह पहचान नहीं पाया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।