संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की काॅलिंदी काॅलोनी में कारोबारी के आवास पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर प्रवीण को दो दिन की प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। प्रवीण ने पूछताछ में खुलासा किया कि मात्र पांच हजार रुपये लेकर कारोबारी के आवास पर फायरिंग की वारदात की थी। आरोपी को 16 फरवरी को मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने कुरुक्षेत्र के लाडवा से काबू किया था।
बीती छह फरवरी को यमुनानगर शहर थाना क्षेत्र में कारोबारी हिमांशु विज के आवास पर फायरिंग हुई थी। नोनी राणा गैंग के शूटरों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। इसके बाद यमुनानगर शहर थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले में शूटरों को काबू करने के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया था।
कुरुक्षेत्र के लाडवा में 16 फरवरी को एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें घायल अवस्था में लाडवा निवासी प्रवीण को काबू किया गया था। प्रवीण ने अपने दूसरे साथी सागर के साथ मिलकर फायरिंग की थी। इसके बाद यमुनानगर पुलिस ने सागर को काबू कर जेल भेज दिया था।
यमुनानगर पुलिस ने प्रवीण को जेल से दो दिन की प्रोडक्शन रिमांड पर लिया। पूछताछ में प्रवीण ने बताया कि वह गैंगस्टर मोनू के संपर्क में थे। उन्हें फायरिंग करने के लिए पांच हजार रुपये मिले थे। इसमें से प्रवीण ने 1500 रुपये अपने साथी सागर को दिए थे। वारदात करने के बाद दोनों के मोबाइल फोन भी तुड़वा दिए थे। सीआईए-वन प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि आरोपी को दो दिन की प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई है। साथ ही घटनास्थल की निशानदेही कराई गई। आरोपी ने पांच हजार में वारदात करने की बात कही है।