कड़ाके की ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो-तीन दिन भी ठिठुरन में ही बीतेंगे। गुरुवार को दिन में धूप खिली, जिससे कुछ राहत जरूर मिली। मगर सुबह और शाम ठंड से ठिठुरन रही। रही-सही कसर गुरुवार को चली तेज ठंडी हवाओं ने पूरी कर दी।
ऐसे में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिर कर एक डिग्री सेल्यिस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो तीन दिन राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्यिस के करीब रहेगा, मगर न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री तक आने की उम्मीद है।
गेहूं की फसल को मिलेगा फायदा
गेहूं हमारी मुख्य खाद्यान फसल है। ठंड से गेहूं की फसल को फायदा मिलेगा। कृषि विज्ञान केंद्र दामला के समन्वयक डॉ. बीआर कांबोज का कहना है कि ठंड से गेहूं की फसल में फुटाव अच्छा होगा। फुटाव अच्छा होगा तो गेहूं की पैदावार अच्छी होगी। हालांकि ज्यादा ठंड से सब्जियां की फसल कुछ प्रभावित हो सकती हैं।
गुनगुना पानी पिएं, बच्चों व बुजुर्गो का रखें ध्यान
कड़ाके की ठंड से हर कोई बेहाल है। मगर इस मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखना चाहिए। पूर्व सीएमओ डॉ. एमआर पासी कहते हैं कि ठंड में बच्चों व बुजुर्गों की ओर खास ध्यान देना चाहिए। सुबह व शाम को बाहर बच्चों को ना ही निकलने दें तो अच्छा रहेगा। यदि बाहर जाना पड़े तो उन्हें गर्म कपड़े पहन कर ही जाने दिया जाए। इसी तरह ठंडा पानी पीने की बजाए उसे गुनगुना कर लें। इसके अलावा हृदय रोगियों को भी ध्यान रखना चाहिए।