रादौर। डेहा बस्ती में दशकों बाद कब्जा मुक्त करवाई नगरपालिका की करोड़ों रुपये की जमीन पर कुछ महीनों बाद फिर से अवैध कब्जे शुरू हो गए हैं। कब्जाधारियों ने नगरपालिका की ओर से लगाई तारबंदी और खंभे भी तोड़ दिए हैं। मामले को लेकर नगर पालिका ने थाना रादौर पुलिस को 11 लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
16 जून की शाम डेहा बस्ती के लोगों ने सीआईए टीम पर पथराव कर एक नशा तस्कर को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया था। इसके बाद प्रशासन ने 20 जून को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगरपालिका की भूमि पर बसी बस्ती में बने 100 से अधिक अस्थायी घर हटाकर जमीन कब्जा मुक्त करवाया था। सचिव ने कहा कि नगरपालिका की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दोबारा कब्जे की शिकायतों के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। अब देखना होगा कि सरकारी भूमि को दोबारा कब्जामुक्त करवाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।
फिर सामान लेकर लौटने लगे लोग:
नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि कार्रवाई के बाद बस्ती से हटाए कुछ लोग अब दोबारा सामान लेकर लौटने लगे हैं। नगरपालिका की भूमि पर झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। कब्जाधारियों ने जमीन की सुरक्षा के लिए लगाए गए खंभे और तार भी तोड़ दिए हैं। नगरपालिका की ओर से शकीला, पाली, मेवाराम, जैला, शाहिद, वासिद, राशिद, शिक्का, शिमला, सुनीता और धनीराम के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई है। शिकायत की प्रतियां उपायुक्त, जिला नगर आयुक्त, एसपी यमुनानगर, एसडीएम रादौर और डीएसपी रादौर को भी भेजी गई हैं।