यमुनानगर। थाना सदर क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में 28 वर्षीय युवती ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी जान-पहचान साहिल नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि साहिल ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर वह उसके संपर्क में रही। इस दौरान आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण किया। पीड़िता का कहना है कि पांच मार्च को भी आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने साफ तौर पर इंकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया है। संवाद