जगाधरी में अवैध कालोनियों के लिए सरकार द्वारा कॉमन कंपाउडिंग पॉलिसी लागू किए जाने से ट्विनसिटी की 17 कालोनियों को संजीवनी मिली है।
इन कालोनियों में रह रहे लोगों को बिजली, पानी कनेक्शन के लिए भटकना नहीं पडे़गा। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सरकार के इस निर्णय से अवैध कालोनियों में रह रहे 30 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा।
विधानसभा सत्र के दौरान सरकार ने अवैध कालोनियों के लिए कॉमन कंपाउंडिंग पॉलिसी लागू करने का निर्णय लिया है। हालांकि इस संदर्भ में अभी तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। लेकिन सरकार के इस निर्णय से शहर की 17 कालोनियों में रह रहे लोगों की उम्मीदें जग गई है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2010 में करीब तीन दर्जन अवैध कालोनियों को नियमित करवाने के लिए सूची तैयार की थी। लेकिन नियमों पर खरा न उतरने पर सूची में 17 कालोनी के नाम ही रखे गए। नगर निगम जगाधरी के एमई एनके जिंदल का कहना है कि सरकार की अधिसूचना आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन कालोनियों के बहुरेंगे दिन
यमुनानगर स्थित सुभाष नगर, कालिंदी कालोनी फेज-1, चंदन कालोनी फेज-1, हरदेव नगर, कीर्ति नगर एक्सटेंशन, करतारपुरा एक्सटेंशन, ग्रीन पार्क फेज-1 व 2, परमेश्वरी कालोनी, भारत कोआपरेटिव सोसाइटी, जैन विहार जैन सोसाइटी, लालद्वारा एक्सटेंशन, मंसाराम कालोनी, लालद्वारा कालोनी, अशोका कालोनी, रघुनाथपुरी, पालम विहार, हरबंसपुरा एक्सटेंशन-2, बावा कालोनी एक्सटेंशन-2, रणजीत गार्डन व ग्रीन पार्क, हीरा नगर, इंद्रपुरी व तारापुरी एक्सटेंशन, नरेंद्र नगर, गुलाब नगर एक्सटेंशन-2, अलीशेर कालोनी, खड्डा कालोनी, नवाब कालोनी, शिवपुरी एक्सटेंशन, संजय विहार तथा जगाधरी स्थित गऊशाला कालोनी, अर्जुन नगर एक्सटेंशन, न्यू जैन नगर एक्सटेंशन, भारत सेवक नगर कालोनी शामिल है।
मेयर ने की सरकार की सराहना
वार्ड नंबर 20 से पार्षद एवं नगर निगम यमुनानगर जगाधरी की मेयर सरोज बाला ने सरकार के इस फैसले की सराहना की है। अब अवैध कालोनियों में रह रहे लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए दर दर भटकना नहीं पडे़गा।