कस्बा रादौर की दीपक और विश्वकर्मा कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति विभाग द्वारा पीने के पानी की आपूर्ति न किए जाने से कालोनियों में रोष है।
पीने का पानी न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को पंच सदस्य धर्मबीर दारसी के नेतृत्व में सरकार और जलापूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
कॉलोनी के लोगों ने विभाग के अधिकारियों को वीरवार तक पीने के पानी की आपूर्ति नियमित करने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि विभाग द्वारा निर्धारित अवधि तक जलापूर्ति न किए जाने पर वे शुक्रवार को मेन रोड जाम करेंगे।
विभाग की ओर से जेई ईश्वरचंद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही दोनों कॉलोनियों में लोगों को पीने का पानी मुहैया करवा दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
दूर से भरकर लाना पड़ रहा पानी
पंच सदस्य धर्मबीर दारसी, प्रदीप सैनी, दर्शनसिंह, विक्की, जसविंद्र सिंह, सरदार दिलबाग सिंह, सुखबीर सिंह सुक्खा, मामचंद फौजी, करनैल मिस्त्री, जितेंद्र सिंह, मा. सोमपाल ने बताया कि पिछले सात दिनों से दोनों कालोनी में पीने के पानी की सप्लाई नहीं हुई है। पीने के लिए लोगों को दूर तक भटकना पड़ रहा है। कॉलोनीवासी खेतों में लगे ट्यूबवेलों से पानी भरकर ला रहे हैं। अपनी समस्या को लेकर लोग कई बार विभाग के अफसरों से भी मिले, लेकिन अधिकारियों ने पानी सप्लाई सामान्य करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों से पीछा छुड़ा लिया।