जगाधरी। स्कूलाें का आधा सत्र समाप्त हो गया है। आज से सेट परीक्षा शुरू हो रही हैं, लेकिन शिक्षा विभाग अभी तक सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को टैबलेट चलाने के लिए सिम नहीं उपलब्ध करवा पाया है। इससे विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई से महरूम हो रहे हैं। सिम न होने पर विद्यार्थी टैबलेट का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और अपने स्तर पर डाटा जुटाने की जुगत कर रहे हैं, ताकि टैबलेट पर ऑनलाइन पढ़ाई कर सकें। ऐसे में सैकड़ों विद्यार्थी इस परीक्षा में पिछड़ सकते हैं।
सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट तो दे दिए गए हैं, लेकिन इसका प्रयोग करने के लिए उनके पास सिम नहीं है। कुल 4220 विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके पास सिम नहीं है और वे ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इन विद्यार्थियों को जिले में एयरटेल और जियो के सिम दिलवाए जा रहे हैं। विद्यार्थी स्कूल में वाईफाई से टैबलेट किसी तरह इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन घर पर इसका प्रयोग नहीं पाते हैं। वहीं स्कूल में वाईफाई तो मिल जाता है, लेकिन डाटा स्पीड नहीं मिल पाती है। एक साथ कई टैबलेट कनेक्ट होने से इंटरनेट डाटा समय से पहले खत्म हो जाता है।
वहीं विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए उन्हें वाईफाई लेना पड़ता है अथवा अपने सिम के डाटा का इस्तेमाल करते हैं। इससे विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों व अध्यापकों की सिरदर्दी भी बढ़ गई है। इसके लिए विभाग की ओर से सर्विस प्रोवाइडर को रिक्वेस्ट भेजी है, लेकिन वह लंबित हैं। इस साल ई-अधिगम योजना के तहत दसवीं से 12वीं के 22 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को टैबलेट व सिम दिए जाने हैं। विद्यार्थियों को विभाग की ओर से टैबलेट तो दे दिए गए हैं, सभी को सिम नहीं दिलवा पाया है।
-
इस कक्षा में इतने विद्यार्थी सिम से वंचित
इस सत्र में 10वीं में कुल 6686 विद्यार्थियों को सिम व टैबलेट दिए जाने हैं। जिसमें से अभी 1641 के सिम पेंडिंग में हैं। वहीं 11वीं कुल 8188 विद्यार्थियों को सिम व टैबलेट दिए जाने हैं। इनमें से 2215 के सिम वंचित हैं। वहीं 12वीं में कुल 7633 में से 364 विद्यार्थियों को सिम नहीं मिल पाई है। जिले में 10वीं से 12वीं के तक कुल 22507 विद्यार्थियों को सिम व टैबलेट दिए जाने हैं। अभी तक 18287 विद्यार्थी ई-अधिगम योजना से जुड़ पाए हैं। अभी जिले में 4200 विद्यार्थियों को सिम नहीं मिल पाई है।
वर्जन
विद्यार्थियों को सिम उपलब्ध करवाने के लिए डिमांड भेजी गई है। धीरे धीरे विद्यार्थियों को सिम दिए जा रहे हैं। अभी कुछ सिम एक्टिवेट होने वाले हैं। दस दिन में सभी विद्यार्थियों को सिम दिलवा दिए जाएंगे। वहीं अभी कुछ विद्यार्थी नए आए हैं, जिनका डाटा तैयार किया जा रहा है।
-कर्णवीर सिंह राठी, जिला गणित विशेषज्ञ।