संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में 12 फरवरी को सरकारी कार्यालयों और बैंकिंग सेवाओं में आम जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है। इससे न केवल सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित होगा, बल्कि बैंकों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य विभागों में भी लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
हड़ताल में बैंक कर्मचारी, स्वास्थ्य कर्मचारी, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, मिड-डे मील वर्कर, रोडवेज कर्मचारी, जनस्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, राजकीय अध्यापक, महिला एवं बाल विकास विभाग, बिजली निगम, नगर निगम, दमकल कर्मचारी, अभियांत्रिकी विभाग, श्रम विभाग समेत अन्य कई विभाग शामिल होंगे।
कर्मचारियों ने पहले ही अपने विभागाध्यक्षों को नोटिस देकर हड़ताल में शामिल होने की जानकारी दे दी थी। हड़ताल को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से कर्मचारियों के नेता कार्यालयों और क्षेत्रों में जाकर आम जनता व अपने सहयोगियों को जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न इलाकों में हड़ताल का प्रचार किया जा रहा है।
दुकानदारों से भी अपील की गई है कि 12 फरवरी को अपने प्रतिष्ठान बंद रखें, ताकि हड़ताल का प्रभाव बढ़ सके। हड़ताल के चलते आम जनता को सबसे ज्यादा दिक्कत बैंकों में काम न होने, रोडवेज का चक्का जाम होने, सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों के न आने और स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के काम पर न आने से पड़ सकता है। सरकारी कामकाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। पेंशन, राशन, सैलरी या अन्य सरकारी दस्तावेजों की प्राप्ति प्रभावित हो सकती है। बैंक शाखाओं में लेनदेन प्रभावित होने की संभावना है, जिससे नकदी निकालना, जमा करना या अन्य बैंकिंग कार्य बाधित रह सकते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी केवल आपातकालीन सेवाएं ही उपलब्ध रह सकती हैं। वहीं, सड़क परिवहन और पब्लिक सर्विसेज में भी कामकाज प्रभावित होने के कारण लोगों को सफर में परेशानी हो सकती है।