संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। तेजली खेल परिसर में 20 जुलाई को होने वाले भारोत्तोलन आवासीय अकादमी के लिए खिलाड़ियों की भर्ती अनिश्चित समय तक स्थगित कर दी गई है। इसके लिए खेल विभाग की ओर से 20 जुलाई को ट्रायल लिए जाने थे।
निदेशालय ने यह ट्रायल आगामी आदेशों तक स्थगित करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए विभाग की ओर से अब दोबारा शेड्यूल जारी किया जाएगा। तेजली खेल परिसर में खेल विभाग की ओर से लड़कों की भारोत्तोलन की आवासीय अकादमी संचालित की जा रही है। जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों को 20 जुलाई को ट्रायल के लिए नहीं आना है। जिन खिलाड़ियों का पंजीकरण हो गया है, उन्हें नई तिथि की जानकारी दे दी जाएगी।
इसके अलावा सभी खेल संस्थानों में भी इसकी जानकारी दे दी जाएगी। ट्रायल अंबाला मंडल के खेल उपनिदेशक के नेतृत्व में करवाए जाने थे। चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ओर से निशुल्क प्रशिक्षण और आवासीय सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी इसके लिए विभाग की साइट पर जानकारी ले सकते हैं।