फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: चोरी के आरोप और मारपीट से आहत सिक्योरिटी गार्ड ने दी जान

विज्ञापन
विज्ञापन
जगाधरी। पर्स चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने से आहत फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड परवालो गांव के 40 वर्षीय प्रमोद ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि उसने फैक्टरी में शराब पी रहे कर्मचारियों की वीडियो बनाई थी। इसके बाद उन कर्मियों ने उस पर पर्स चोरी करने का झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट की। पुलिस ने मामले में फैक्टरी मालकिन, उसके बेटे, मैनेजर व चार कर्मचारियों पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। वहीं पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान मृतक के परिजनों ने विलाप करते हुए कहा कि प्रमोद ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे मारा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने रोष जताया और जल्द गिरफ्तारी न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
विज्ञापन


गांव परवालो निवासी विक्रम ने बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका सबसे बड़ा भाई प्रमोद कुमार गांव परवालों स्थित बिगा प्लाईवुड नाम की फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। उसकी रात की शिफ्ट में शाम साढ़े सात बजे से सुबह साढ़े सात बजे तक ड्यूटी थी। 26 सितंबर की रात को उसके भाई प्रमोद ने फैक्टरी के अंदर बैठकर शराब पी रहे कर्मी विक्की, शोकीन, सन्नी और रिंपी की वीडियो बनाई थी। इस बात की रंजिश में आरोपी सन्नी ने अगले दिन सुबह उसके भाई प्रमोद पर पर्स चोरी करने का झूठा आरोप लगाया। इस बात को लेकर वीरवार की शाम पांच बजे उसके भाई को फोन करके फैक्टरी बुलाया। उसका भाई जब फैक्टरी गया तो वहां विक्की, शौकिन, सन्नी, रिंपी, फैक्टरी मैनेजर व फैक्टरी मालकिन परविंद्र लूथरा व उसके बेटे ने अपने दफ्तर में बुलाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपी रिंपी ने उसके भाई का फोन छीन लिया। इसके बाद फैक्टरी के गेट के बाहर आरोपी विक्की, शौकीन, सन्नी व रिंपी ने फिर उसके भाई के साथ मारपीट की, जिसकी वीडियो फैक्टरी के सीसीटीवी में है। चोरी के झूठे आरोप और मारपीट की वजह से उसका भाई मानसिक रूप से परेशान हो गया। इसके बाद उसने कोई जहरीली चीज खा ली। गंभीर हालत में उसका भाई अपने घर के दरवाजे पर आकर गिर गया। वे उसे तुरंत जगाधरी के निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने जवाब दे दिया। इसके बाद वे उसे गाबा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आरोप है कि उसके भाई ने विक्की, शोकिन, सन्नी, रिम्पी, फैक्टरी मैनेजर, फैक्टरी मालकिन परविंद्र लूथरा व उसके बेटे द्वारा प्रताड़ित करने से आहत होकर आत्महत्या की है। बूड़िया थाना पुलिस ने सातों आरोपियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

-
परिजन बोले, पहले पीटा, फिर जबरन जहर देकर मारा, इंसाफ न मिला तो देंगे धरना

प्रमोद की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोष जताया। विलाप करते हुए उसके परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने हाथ जोड़कर पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई। मृतक के भाई विक्रम और भाभी बेबी का कहना था कि प्रमोद पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे पीटा गया। इसके बाद उसे जबरन जहर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रमोद ने आत्महत्या नहीं की, उसकी हत्या हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
विज्ञापन


सुसाइड नोट में लिखा-बच्चों की कसम खाई पर मैडम ने भी नहीं दिया साथ
विक्रम ने बताया कि मरने से पहले उसके भाई ने उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। साथ ही कहा कि उसकी पैंट की जेब में एक डायरी है, जिसमें उसने सुसाइड करने के कारणों के बारे में लिखा है। सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं प्रमोद अपने होश में यह बता रहा हूं कि मैं कंपनी बिगो वुड में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता हूं। मंगलवार को मैं अपनी ड्यूटी पर था। उस रात लिफ्ट वाला सन्नी, ऑपरेटर शौकिन, फिटर विक्की और सन्नी ने दारू पिया था। जब सुबह हुई तो सन्नी मेरे पास आकर बोला कि मेरा पर्स चोरी हुआ है, जबकि मेरा उसके पर्स से कोई लेना देना नहीं। आज फिर उसे कंपनी बुलाया गया। फिर चोरी का आरोप लगा मारपीट की गई। उसने लिखा कि मैं अपने बच्चों की कसम खाता हूं कि मैंने चोरी नहीं की, लेकिन मैडम ने भी मेरा साथ नहीं दिया। मैंने विक्की व शौकिन की वीडियो बनाई थी तो उन लोगों ने बुलवाकर मुझे बहुत पीटा। मैंने मैडम को बोला तो उन्होंने भी मेरी पूरी बात नहीं सुनी। उन लोगों ने उसे पूरी लेबर के सामने पीटा। अपनी इज्जत की खातिर मैं मरने जा रहा हूं। मेरे मरने का कारण विक्की, शौकिन, मैनेजर और मैडम हैं।



वर्जन


वीरवार रात उनके पास प्रमोद की जहर खाने से मौत होने की सूचना आई थी। मृतक के भाई ने फैक्टरी की मालकिन, मैनेजर व चार-पांच अन्य पर मारपीट करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मामले में सभी आरोपियों पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है। हत्या के आरोपों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह का पता चलेगा।
विज्ञापन

- भूपेंद्र राणा, एसएचओ, थाना बूड़िया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें