संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना रादौर क्षेत्र के गांव घिलौर माजरी में शनिवार दोपहर युवक ने आग लगने की सूचना देकर दमकल विभाग की टीम बुलाई। टीम मौके पर पहुंची तो आग नहीं मिली। इस पर युवक से बात की तो उसने दमकल कर्मियों से हाथापाई की कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में नामजद कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला कुरुक्षेत्र के गांव खेड़ी मारकंडा निवासी सुखबीर सिंह ने शिकायत दी कि वह दमकल विभाग में नौकरी करते हैं। उन्हें 15 नवंबर को फोन पर सूचना मिली कि गांव घिलौर माजरी में सरकारी स्कूल के पास आग लग गई है। इस पर साथी कर्मियों के साथ गांव घिलौर माजरी पहुंचे। यहां दमकल लेकर सरकारी स्कूल घिलौर के पास पहुंचे तो वहां घासफूस में लगी आग बुझ चुकी थी।
इस पर जिस नंबर से फोन कर सूचना दी गई थी, उस पर संपर्क किया तो सामने से बोल रहे नरेंद्र कुमार ने बदतमीजी से बात की। साथ ही आरोप है कि नरेंद्र ने दमकल कर्मियों से हाथापाई की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जब दमकल टीम गाड़ी लेकर गांव से लौटने लगी तो नरेंद्र ने कार से पीछा किया। कुछ दूरी पर नरेंद्र ने अपनी कार दमकल गाड़ी के आगे अड़ा दी।
इस तरह नरेंद्र ने सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंचाई। तब सूचना डायल-112 पर दी। पुलिस ने नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि नरेंद्र को नामजद कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नरेंद्र के खिलाफ पहले भी झगड़े, चोरी, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के तीन मामले दर्ज हैं।