संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राजस्थान के बीकानेर के उद्योगपति ने जगाधरी वर्कशॉप से नीलामी में खरीदी गई एल्यूमीनियम स्क्रैप के गबन आरोप लगाया। करीब 19 लाख रुपये की स्क्रैप निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचने पर उद्योगपति ने ट्रांसपोर्ट संचालक पर हड़पने का आरोप लगाया है। फर्कपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीकानेर निवासी राकेश ने बताया कि उसकी बीके इंडस्ट्री नाम से फैक्ट्री है। उन्हें जानकारी मिली थी कि जगाधरी वर्कशॉप में एल्यूमीनियम स्क्रैप की नीलामी हो रही है। दो मई को उसने नीलामी में हिस्सा लेकर 19 लाख रुपये में स्क्रैप खरीद ली। स्क्रैप को बीकानेर पहुंचाने के लिए उसने एक ऑनलाइन एप के जरिये ट्रक बुक किया।
राकेश के मुताबिक इस दौरान उसकी बातचीत ट्रांसपोर्ट संचालक देवेंद्र शर्मा से हुई। तय प्रक्रिया के तहत स्क्रैप ट्रक में लोड कर दी गई और उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
लेकिन स्कैप से लदा ट्रक अपने निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचा। इस पर जब उसने ट्रक के चालक से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसने ट्रांसपोर्ट संचालक देवेंद्र शर्मा से संपर्क किया, लेकिन उसने मामले में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। लगातार टालमटोल से संदेह गहराने पर राकेश ने फर्कपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी ट्रांसपोर्ट संचालक के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
माल के साथ भागा ट्रक चालक : यमुनानगर में नीलामी से खरीदी गई करीब 19 लाख रुपये की एल्यूमीनियम स्क्रैप के गबन मामले में ट्रक चालक माल सहित भाग गया है। आरोप है कि स्क्रैप लोड होने के बाद ट्रक निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। पीड़ित द्वारा संपर्क करने पर चालक का मोबाइल बंद मिला, जिससे संदेह गहराया। पुलिस ने चालक और ट्रक की तलाश तेज कर दी है। साथ ही संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाकर जल्द गिरफ्तारी कर स्क्रैप बरामद किया जा सके। पुलिस चालक की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।