जगाधरी। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे जिले के स्कूलों को 127 शिक्षक मिलेंगे। पंचकूला में अधिक होने के कारण इन शिक्षकों को पंचकूला से यमुनानगर भेजा जा रहा हैं। इसके लिए निदेशालय की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। निदेशालय ने इस संबंध में दो पत्र जारी किए हैं। इनमें से एक पत्र पंचकूला जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और दूसरा यमुनानगर जिला शिक्षा अधिकारी के नाम जारी किया गया है। पत्र में निदेशालय की ओर से पंचकूला के डीईईओ को 127 शिक्षकों को रिलीव करने के ऑर्डर दिए हैं। पत्रों में शिक्षकों की सूची भी शामिल है। वहीं यमुनानगर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को पंचकूला से भेजे जा रहे शिक्षकों को स्कूल अलॉट करने के आदेश दिए हैं। निदेशालय के आदेशों के बाद यमुनानगर के स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार अभी तक पंचकूला से शिक्षकों को रिलीव नहीं किया गया है, उनके आने के बाद ही उन्हें स्कूल अलॉट किए जा सकेंगे। वहीं निदेशालय के आदेशों जिला मौलिक शिक्षा विभाग स्कूलों की लिस्ट बनाने व स्कूल अलॉट करने की तैयारियों में जुट गये है। बता दें कि जिले के करीब 12 स्कूलों में शिक्षक नहीं है, वहीं 36 स्कूलों में केवल एक ही शिक्षक है। विभाग की ट्रांसफर ड्राइव के बाद 1100 शिक्षकों का तबादला हो गया था। इस दौरान मात्र 450 शिक्षक ही जिले को मिले थे। जिसके बाद जिले में 650 शिक्षकों की कमी हो गई थी। जिले में पहले ही शिक्षकों का टोटा था, ट्रांसफर से कमी और बढ़ गई थी। शिक्षकों के न होने से अभिभावकों ने कई बार प्रदर्शन भी किया। कई गांवों में अभिभावकों ने स्कूलों पर ताला तक जड़ दिया था।
यहां के स्कूलों में शिक्षकों की कमी
ट्रांसफर ड्राइव के बाद दड़वा, रामबांस, दमोपुरा छोटा, दमोपुरा बड़ा, मंडोली गगड़, जयधरी, भीलपुरा, मंडेवाला, रगड़ माजरा, माली माजरा, मलिकपुर खादर, बूड़ा भूड़, कोलीवाला, बेगमपुर, सपेलिया, नवाजपुर, बिचपड़ी, देवधर, बलेवाला, तेलीपुरा, खदरी, भंगेड़ा, खिजराबाद, बागपत, चिकन, मुजाफ्त खुर्द, मजाफ्त, जोगीवाड़ा, लाक्कड़, कन्हैयावाला स्कूल में नहीं रहे। वहीं जामुनावाला, सुलतानपुर, कोटला, टाेडरपुर, नन्हेंड़ी, संगोली, मिलक जुबिलयान, बीर माजरी, सरावां की टपरियां, डूमवाला, असगरपुर स्कूल में कोई शिक्षक नहीं रहा।
-
वर्जन
निदेशालय की ओर से 217 शिक्षकों को भेजने के आदेश हुए हैं। यह शिक्षक पंचकूला से भेजे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक इन्हें रिलीव नहीं किया गया है। शिक्षकों के आने के बाद ही उन्हें स्कूल किए जाएंगे। जल्द ही शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
धर्मेंद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।