संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम ने जलभराव से निपटने के लिए कंट्रोल रूम बनाकर 01732231500 नंबर जारी किया और 22 टीमें बनाई। वहीं सोमवार तड़के बारिश बाद जलभराव वाले ज्यादातर क्षेत्रों में यह टीमें नहीं पहुंची। यह आरोप निवर्तमान पार्षद और स्थानीय लोग लगा रहे हैं। साथ ही हालात भी ऐसा बयाकर रहे हैं, जहां कई नाले-नालियां गंदगी से जाम हैं, वहीं गलियों में दो दिन से कीचड़ जमा है। शहरवासियों का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था न सुधरी तो आगामी दिनों में बारिश जलभराव की मुसीबत लाएगी।
सोमवार तड़के एक घंटे की बारिश के बाद खालसा कॉलेज रोड, दशमेश कॉलोनी व आजाद नगर की गलियों में पहले जलभराव हुआ। अब कीचड़ जमा है। कीचड़ व गंदगी से अंडरग्राउंड नालियों व ड्रेन के चैंबर (गलियों-सड़कों से पानी नालियों में जाने के लिए बने जाल) बंद हैं। यही हालात कई कॉलोनियों के हैं।
शहर में लगते हाईवे, पुराने एनएच, सेक्टर-17, लालद्वारा रोड, चौधरी देवीलाल कांप्लेक्स, शक्तिनगर में वेयरहाउस गोदाम के सामने, खालसा कॉलेज रोड सहित कई मार्गों व उनके किनारे सोमवार की बारिश का पानी भी नहीं उतरा और मंगलवार सुबह 10 बजे करीब 10 मिनट की बारिश से फिर जलभराव हो गया। दशमेश कॉलोनी, खालसा कॉलेज रोड, आजादनगर व कई जलभराव वाले इलाकों में निगम टीमें नहीं आईं।
दशमेश कॉलोनी के राजकुमार, रमन शर्मा, सतेंद्र यादव, बंटी, जयभगवान ने कहा कि सोमवार तड़के की बारिश का पानी तो दो से तीन घंटे में गलियों से नालियों के जरिए निकल गया, पर दो दिन से गलियों में कीचड़ जमा है। घरों व दुकानों के आगे लोगों ने स्वयं कीचड़ साफ कर दिया है, पर अन्य जगह कीचड़ फैला है। कीचड़ से नालियों के चैंबर भी बंद हैं। इससे बारिश होने पर नालियों से जल निकासी नहीं हो पाएगी।
कीचड़ के बीच निकलने में जूते-कपड़े गंदे होने के साथ वाहन से निकलने में गिरने का डर है। स्कूली बच्चों से लेकर बड़े हालात से परेशान हैं, पर जल निकासी का प्रबंध करने तो दूर यहां कीचड़ साफ करने भी निगम टीम नहीं आई है। यही हाल कॉलोनी के साथ खालसा कॉलेज रोड पर है। आरोप है कि कुछ एक जगह पर ही अफसरों के निरीक्षण व निगम टीमें जा रही है जबकि बाकी जगह बुरे हालात हैं।
कहीं भी जल निकासी की कोई समस्या है तो कंट्रोल रूम में सूचना दी जा सकती है। निगम टीमें अपने स्तर पर भी जलभराव वाले क्षेत्रों में जा रही है। नालों की सफाई भी जारी है, जिसमें कमी मिलने पर ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश दिए हैं। छोटे नालों व नालियों की भी निगम कर्मियों से सफाई कराई जा रही है। - डॉ. विजय पाल यादव, डीएमसी, यमुनानगर।