यमुनानगर। नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियां तेज कर दी है। सोमवार को नगर निगम की ओर से बौद्ध दिवस के अवसर पर वार्ड नंबर 4 के चनेटी में स्वच्छता एवं विरासत संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बौद्ध स्तूप परिसर से आरंभ की गई स्वच्छता जागरूकता रैली में राजकीय माध्यमिक विद्यालय चनेटी के बच्चों ने स्वच्छता प्रहरियों की भूमिका निभाते हुए नेतृत्व किया।
रैली में स्थानीय नागरिकों, युवा वर्ग और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, विरासत संरक्षण और अपशिष्ट पृथक्करण का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ। चार-डस्टबिन सिस्टम, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने संबंधी संदेश प्रमुखता से दिए गए।
आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश ने बच्चों एवं ग्रामीणों को बौद्ध स्तूप की ऐतिहासिक महत्ता, धरोहर संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व पर जागरूक किया। इस अवसर पर गांव के पूर्व सरपंच एवं ग्राम प्रधान अशोक चनेटी, नगर निगम सुपरवाइजर प्रिंस, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने स्लोगन व बैनर लेकर रैली निकाल स्वच्छता का संदेश दिया।