संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में नालों की सफाई पर चलाए गए अभियान का असर दिखने लगा है। नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर 18 मई से लगातार प्रकाशित खबरों के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने नालों की सफाई का वार्डवार शेड्यूल जारी करने के साथ अधिकारियों को सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सोमवार को सेक्टर-17 और प्रोफेसर कॉलोनी से निकल रहे बड़े नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नालों की सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानसून से पहले सभी बड़े और छोटे नालों की गहराई तक सफाई पूरी कराई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई के दौरान निकली गाद और कचरे का तुरंत उठान सुनिश्चित किया जाए। इस बार एजेंसी को नालों से निकली गाद के वजन के आधार पर भुगतान किया जाएगा, ताकि सफाई कार्य में पारदर्शिता बनी रहे। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने पार्षद विभोर पाहुजा, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह और विनोद बेनीवाल, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक शर्मा व एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ प्रोफेसर कॉलोनी स्थित श्मशान घाट के पास पहुंचे।
यहां नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी नालों पर अवैध कब्जे हैं, उन्हें तुरंत हटाकर सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। निगम आयुक्त ने बताया कि चांदपुर बाईपास के नीचे रेलवे द्वारा स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
इसके पूरा होने पर प्रोफेसर कॉलोनी, मॉडल टाउन, शक्ति नगर, टैगोर गार्डन, लाजपत नगर और हरि नगर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। जगाधरी की ओर से आने वाले बड़े नाले के पानी को इस नई लाइन में डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंंने बताया कि सफाई अभियान गंभीरता से चलाया जा रहा है और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है।
नालों की सफाई के लिए तीन जोन में बांटा गया शहर
नगर निगम ने नालों की सफाई के लिए शहर को तीन जोन में विभाजित किया है। जोन-एक में वार्ड एक से आठ, जोन-दो में वार्ड नौ से 14 और जोन-तीन में वार्ड 15 से 22 तक के नालों को शामिल किया गया है। एक एजेंसी को जोन-एक और तीन, जबकि दूसरी एजेंसी को जोन-दो और शहर के तीन बड़े नालों की सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। जोन-तीन के तहत वार्ड 15 में 23 मई से 18 जून, वार्ड 16 में 23 मई से 3 जून, वार्ड 17 में 4 से 11 जून, वार्ड 18 में 12 से 18 जून तक सफाई होगी। वहीं वार्ड 19 में 23 से 30 जून, वार्ड 20 में 1 से 13 जून, वार्ड 21 में 23 मई से 1 जून और वार्ड 22 में 2 से 12 जून तक नालों की सफाई की जाएगी।