इग्नू की परीक्षा देते विद्यार्थी। संस्थान
जगाधरी। इग्नू में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के विद्यार्थियों को कुछ पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने पर फीस में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इस दौरान बीए, बीकॉम और बीएससी में प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत छूट इग्नू की ओर से दी जा रही है। इसके लिए विद्यार्थियों को कुछ पात्रता मानदंडों को पूरा करना होगा। मानक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत छूट पर दाखिला दिया जाएगा।
इस दौरान इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र विद्यार्थियों के माता-पिता, अभिभावकों की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं, उनके पास वैध एससी, एसटी प्रमाण पत्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इच्छुक विद्यार्थियों को एक वैध आय प्रमाण पत्र और एससी, एसटी प्रमाण पत्र जमा करना होगा, जो राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जारी किया गया हो। विद्यार्थियों को इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए एडमिशन लिंक पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस पर आय प्रमाण पत्र, एससी, एसटी प्रमाण पत्र अपलोड करने होंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले इग्नू द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़ें। इससे संबंधित अधिक जानकारी के लिए नवीनतम जानकारी के लिए इग्नू की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।