संघ के जिला प्रधान महीपाल सोढे।
- फोटो : AMAR UJALA
यमुनानगर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने हजारों रेगुलर व ठेका कर्मचारियों को दो से तीन महीने का बकाया वेतन ना मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने भारी परेशानियां खड़ी हो गई है। कोरोना महामारी में दुकानदारों ने राशन देने में आनाकानी शुरू कर दी है और निजी स्कूल संचालकों ने बच्चों का एडमिशन चार्जिज व अप्रैल महीने की फीस देने का दबाव भी बनाना शुरू कर दिया है। संघ ने सरकार से बिना किसी देरी के बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की है। संघ हरियाणा के जिला प्रधान महिपाल सोढे ने बताया कि संगठन की तरफ से सरकार को बकाया वेतन भुगतान करने बारे तीन पत्र लिखें जा चुके हैं। जिसके बाद ही एनएचएम कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन दे दिया, लेकिन कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे स्वास्थ्य विभाग के ठेका कर्मचारियों व योद्धाओं को मार्च महीने का वेतन अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने बताया की महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत हजारों आईसीडीएस सुपरवाइजरों को भी तीन महीने से वेतन नहीं मिला है जबकि जिला में दिसम्बर 2019 से नहीं मिला है। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के अनुबंध पर लगे करीब 550 कर्मचारियों को जनवरी-फरवरी व मार्च का वेतन नहीं मिला है और 350 ठेके पर लगे चालकों को मार्च का वेतन नहीं मिला है। टूरिज्म के कई पर्यटक केन्द्रों के कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिला है। सचिव राज पाल सांगवान ने बताया कि इसी प्रकार पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुबंध पर लगे 412 वीएलडीए को भी तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। जन स्वास्थ्य विभाग में पंचायतों के मातहत लगे तीन हजार से ज्यादा पंप चालकों, सिंचाई एवं बीएडआर में लगे ठेका कर्मचारियों को तीन से चार महीने से वेतन नहीं मिला है। जन स्वास्थ्य विभाग के टर्म अप्वाईटी को भी 2 महीने वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार को बार बार पत्र लिखने के बावजूद हेल्थ विभाग के सिक्योरटी गार्ड व सफाई कर्मचारियों सहित तमाम ठेका कर्मचारियों, ट्यूबेल ऑपरेटर, फायर मेन, सीवर मेन, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को प्रर्याप्त मास्क, सेनेटाइजर व सुरक्षा किट नहीं दी गई है। सरकार ने इन योद्धाओं को जोखिम बीमा योजना में भी कवर नहीं किया है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने हेल्थ विभाग सहित आवश्यक सेवाओं में लगे सभी विभागों के अनुबंध व रेगुलर कर्मचारियों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण देने की मांग की है।