संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी, शानदार विकेटकीपिंग और खेल की सूझबूझ से 15 वर्षीय सार्थक शर्मा अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। शहर के जड़ौदा गेट निवासी सार्थक चार वर्ष में अब तक 200 से अधिक मैच खेल चुके हैं।
कोच पूनम भंडारी के अनुसार सेंट थॉमस स्कूल की नौवीं के विद्यार्थी सार्थक शर्मा ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता स्कूल टीम की कप्तानी की। बल्लेबाजी के साथ विकेट के पीछे भी उनकी पकड़ मजबूत है। उनकी बल्लेबाजी में बेहतर टाइमिंग, तकनीक और आत्मविश्वास दिखाई देता है।
सार्थक ने छह वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। परिवार के साथ टेलीविजन पर क्रिकेट मैच देखते हुए उसके मन में भी क्रिकेटर बनने का सपना जागा। इसके बाद खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया। करीब आठ वर्ष से नेह नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
सार्थक तीन बार जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। एक बार एसजीएफआई की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भी खेल चुके हैं। जून में एसजीएफआई की राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में उसने स्कूल की टीम की कप्तानी की। हाल ही में समर क्रिकेट प्रतियोगिता में फाल्कन टीम की कमान संभालते हुए चार मुकाबलों में 227 रन बनाए और अपनी टीम को खिताब दिलाया। कप्तान के रूप में उसने मैदान पर सही फैसले लेकर टीम के प्रदर्शन को मजबूती दी।
सार्थक भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होकर देश के लिए खेलना चाहता है। वह रोहित शर्मा को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी बल्लेबाजी से प्रेरणा लेकर अपने खेल में लगातार सुधार कर रहे हैं। उसका लक्ष्य स्कूल और राज्यस्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना है।