संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला सरपंच एसोसिएशन की बैठक जिमखाना क्लब यमुनानगर में हुई। बैठक में सरपंचों की मांगों व कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन की ओर से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इसमें सर्वसम्मति से गांव हरनौली के सरपंच प्रतिनिधि ठाठ सिंह को जिला प्रधान के पद पर नियुक्त किया गया। रिंपी सैनी को जिला उप प्रधान चुना गया।
इससे पहले छछरौली के सरपंच प्रतिनिधि संजीव सैनी जिला प्रधान के पद पर नियुक्त थे। उनका कार्यकाल समाप्त होने पर नए जिला प्रधान का चुनाव किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का जिले के सरपंचों ले फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। ठाठ सिंह ने कहा कि सरपंच गांवों के विकास की धुरी हैं। सरपंच गांव के पंचों व गणमान्य लोगों के साथ विचार-विमर्श कर विकास कार्य कराने व गांव की समस्याओं का समाधान करने में अहम भूमिका निभाता है।
उनका प्रयास रहेगा कि प्राथमिकता के आधार पर सरपंचों की समस्याओं को प्रशासन से सहयोग से हल कराएं। गांवों में विकास कार्य को लेकर सरपंचों से विचार-विमर्श कर उनके सामने आ रही समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से मिल समाधान निकाला जाएगा। अध्यक्षता जिला महासचिव मुकेश शर्मा व जिला प्रभारी विजय कुमार ने की। इस मौके पर देवेंद्र भाटिया, संदीप कुमार, विपिन चौधरी, भारत सिंह, संजीव कुमार, अमर सिंह, नवीन कमल, होशियार सिंह, कुलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।