संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला सरपंच एसोसिएशन की और से जगाधरी के गुप्ता पैलेस में जिलास्तरीय सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री कंवरपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सरपंच एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों व सरपंचों ने संयुक्त रूप से कृषि मंत्री का ढोल के साथ सम्मान करते हुए उन्हें पगड़ी पहनाई व तलवार भेंट की।
कंवरपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरपंचों की मांगों को स्वीकार कर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। इस फैसले से प्रदेश के सरपंचों में खुशी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने भी कई बार सरपंचों की मांगों को सरकार के समक्ष रखा। सरकार की घोषणा के अनुसार अब सरपंच ई-टेंडरिंग के बगैर 21 लाख रुपये तक के विकास कार्य अपनी ग्राम पंचायतों में करवा सकेंगे।
इससे पहले यह लिमिट पांच लाख रुपये थी। इसके साथ ही सरपंचों को टीए/डीए देने की भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की है। इतना ही नहीं अब सरपंच ग्राम पंचायतों के कार्यों के लिए अपनी गाड़ी या टैक्सी से यात्रा करने पर 16 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से यात्रा खर्च क्लेम कर सकेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि मंत्री कंवरपाल ने सरकार के संज्ञान में लाया है कि जिन गांवों की पंचायतों की आमदनी बहुत कम है या नहीं है उन गांवों को सरकार की ओर से अधिक धनराशि मुहैया कराई जाए। जिला सरपंच एसोसिएशन प्रधान ठाठ सिंह व सरपंच एसोसिएशन प्रतापनगर के प्रधान विजय कुमार मिंटू ने कहा कि मंत्री कंवरपाल ने उनकी मांगों को सरकार के समक्ष रखा। इस अवसर पर यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा प्रीति जौहर, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा निश्चल चौधरी, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, उपाध्यक्ष रामपाल नंबरदार, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट व कृष्ण सिंगला समेत अन्य मौजूद रहे।