संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के विभिन्न विभागों के क्लर्क सोमवार को लघु सचिवालय के सामने जगाधरी अनाज मंडी गेट पर पहुंचे। यहां सीएडब्ल्यूएस यूनियन के बैनर तले सांकेतिक धरने दिया। इस दौरान मांगों की अनदेखी करने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
यूनियन से जिला प्रधान दीपक ढुल ने बताया कि क्लेरिकल कैडर वर्षों से वेतन बढ़ाने के लिए संघर्षरत है, लेकिन किसी भी सरकार ने उनकी सुध नहीं ली। करनाल में सात जुलाई को राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दस जुलाई को बातचीत के लिए बुलाया था। यूनियन की मांगों को लेकर सरकार के अधिकारी सकारात्मक नहीं दिखे।
सीएडब्ल्यूएस यूनियन ने साइकिल यात्रा व पैदल मार्च का निर्णय लिया, जिसमें सभी जिलों से यह यात्रा चंडीगढ़ मुख्यमंत्री आवास पहुंचेगी। साथ ही हर जिले के लघु सचिवालय के बाहर सांकेतिक धरना चलता रहेगा। यदि सरकार फिर भी मांगें नहीं मानती तो क्लर्क फिर से पूर्ण हड़ताल पर जाने को विवश होंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।