संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला तैराकी संघ की ओर से जिलास्तरीय तैराकी प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के स्वीमिंग में करवाई गई। प्रतियोगिता में संत निश्चल एकेडमी के तैराकों का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने किया। इसमें छह आयु वर्गों में विभिन्न स्कूलों के लड़के व लड़कियों ने हिस्सा लिया। लड़कों के ग्रुप-5 की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के अगस्त्या प्रथम, दिविज कोछड़ द्वितीय तथा एलविन तीसरे स्थान पर रहे।
लड़कियों के ग्रुप-4 की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में दिव्यांशी सिंघल संत निश्चल एकेडमी ने प्रथम, अभ्यारा एमएलएन स्कूल ने द्वितीय और आरोही संत निश्चल स्कूल ने तीसरा स्थान पाया। 15 से 17 आयु वर्ग की 200 मीटर फ्रीस्टाइल में संत निश्चल स्कूल के हर्षवीर प्रथम, एमएलएन स्कूल के प्रखर द्वितीय और सुरेंद्रा पब्लिक स्कूल के नवजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
लड़कियों के वर्ग-3 की 50 मीटर बटरफ्लाई में संत निश्चल की हितांशी सैनी प्रथम, श्रीमाटी द्वितीय व जिया गर्ग तीसरे स्थान पर रहीं। ग्रुप-1 की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में हरमन कौर प्रथम, आयशा हसन द्वितीय व आदिति डीएवी स्कूल तीसरे स्थान पर रहीं। ग्रुप-5 की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में मोक्षदा प्रथम, प्राची दुग्गल स्वामी विवेकानंद स्कूल द्वितीय और काव्या तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता जिला तैराकी संघ के महासचिव अनिल शर्मा के नेतृत्व में करवाई गई। समारोह में संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल चेयरमैन डॉ. रूपेंद्र बत्रा मुख्यातिथि रहे। उन्होंने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान विशेष अतिथि खेल विभाग के सेवानिवृत्त उप निदेशक राजेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान डॉ. रूपेंद्र बत्रा ने संत निश्चल स्विमिंग एकेडमी की तैराक दिव्यांशी सिंघल को विशेष रूप से सम्मानित किया। दिव्यांशी ने हाल ही में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन में 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है और अब वह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होने वाली सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
जिला तैराकी संघ के महासचिव अनिल शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता 17 से 19 अक्टूबर तक बहादुरगढ़ में हरियाणा तैराकी संघ की ओर से करवाई जा रही राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए तरीके बताए।