नेशनल हाईवे 73 स्थित एक सेनेटरी की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर
दुकान से करीब साढ़े चार लाख रुपये का सेनेटरी का सामान ले गए। दुकान से
करीब 200 मीटर दूरी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और हुडा चौकी है।
सीन
ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर आकर साक्ष्य जुटाए। हाईवे 73 के सेक्टर-18
मोड़ पर राजीव सेनीटेशन के नाम से सेनेटरी आइटम की दुकान है। दुकान के
मालिक राजीव ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8:30 बजे उनकी दुकान पर सफाई
करने वाली महिला ने उन्हें फोन पर बताया कि उनकी दुकान के ताले टूटे हैं।
राजीव तुरंत दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के शटर के लॉक कटे हैं।
दुकान के भीतर डिस्प्ले बोर्ड पर लगी कीमती टूटियां और सेनेटरी का अन्य
सामान गायब था। सामान में 100 टूटियां, 25 डायवर्टर, 100 कन्सील्ड, 20 सिंक
मिक्सचर, 100 एंगल वॉल और 25 पीतल की टूटियां, 20 शावर और पीतल की स्क्रैप
गायब थी। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब एक हजार रुपये (10-20 के नोट) भी
वहां नहीं थे। चोरी हुए सामान की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा
रही है।
कीमती सामान ही चुराया
दुकान के भीतर चोरी हुए सामान के
अलावा अन्य टूटियां और सेनेटरी का सामान रखा था। चोरों ने उस सामान को नहीं
चुराया। वे केवल ब्रांडेड और कीमती सामान ही ले गए। पेटियों में रखे कीमती
सामान को भी चोरों ने छांट-छांटकर निकाला। उधर, चोरों ने शटर के लॉक को
काटने के लिए इलेक्ट्रिक कटर का इस्तेमाल किया। इसके लिए पास के खंभे से
गुजर रही बिजली की तार से कटर की तार जोड़ी। चोरों ने पहले शटर के साइड में
लगे तालों को काटने की कोशिश की, लेकिन वे इसे काट नहीं सके। इसके बाद
सेंटर लॉक और साइड लॉक को कटर की मदद से काटा। शटर लॉक को काटने से पहले
चोरों ने दुकान के बाहर लगाई ट्यूब लाइट को पत्थर मार कर तोड़ा ताकि कोई
उन्हें चोरी करते न देख सके। सुबह शटर के पास टूटे हुए कटर ब्लेड मिले।
एक तरफ एसपी कार्यालय, दूसरी तरफ हुडा चौकी
दुकान
के एक तरफ करीब दो सौ मीटर दूरी पर हुडा पुलिस चौकी है, जबकि दूसरी तरफ
करीब 200 मीटर दूरी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय है। नेशनल हाइवे पर रातभर
वाहनों का गुजरते रहते हैं। एनएच होने के कारण पुलिस भी गश्त पर रहती है।
इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
एसपी निवास के नजदीक भी हुई थी चोरी
जिले
मेें चोरियों की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिन पहले ही
चोरों ने मॉडल टाउन स्थित पुलिस अधीक्षक निवास से करीब 150 मीटर दूरी पर
स्थित एक दुकान से करीब दो लाख रुपये के इनवर्टर और बैटरियां चोरी की थी।
पुलिस अब तक इस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है।